बलौदाबाजार , जुलाई 30 -- छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच महानदी का जलस्तर बढ़ने से बल्दाकछार स्थित 'द ट्री ऑफ लाइफ रिसॉर्ट में फंसे 24 लोगों को प्रशासन की संयुक्त टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
गुरुवार को आधिकारिक जानकारी के अनुसार, लगातार बारिश के कारण महानदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने से रिसॉर्ट चारों ओर से पानी से घिर गया। इससे वहां मौजूद पर्यटक, रिसॉर्ट के कर्मचारी और कुछ स्थानीय ग्रामीण बाहर नहीं निकल सके। सूचना मिलने पर जिला प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
नगर सेना (होमगार्ड), पुलिस तथा स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम ने नावों और अन्य आवश्यक संसाधनों की सहायता से अभियान चलाया। रेस्क्यू के दौरान महिलाओं और बच्चों सहित सभी 24 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
बलौदाबाजार पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने बताया, "डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि बल्दाकछार स्थित 'द ट्री ऑफ लाइफ रिसॉर्ट' में कुछ पर्यटक बाढ़ के कारण फंस गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए नगर सेना (होमगार्ड) और पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर रवाना किया। रेस्क्यू करते हुए सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। पुलिस की टीम पूरी तरह अलर्ट है, और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।"प्रशासन ने महानदी और अन्य जलाशयों के आसपास रहने वाले लोगों तथा पर्यटकों से सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही जलभराव एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग की भारी वर्षा संबंधी चेतावनी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए रखी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित