रायपुर , मई 23 -- ) छत्तीसगढ़ के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में महानदी किनारे चल रहे तटबंध निर्माण कार्य के दौरान एक किशोर मजदूर की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद निर्माण कार्य में नाबालिग मजदूरों की संलिप्तता और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान हर्ष साहू (16) निवासी ग्राम खुरसेंगा, थाना कुरूद, जिला धमतरी के रूप में हुई है। बताया गया कि ग्राम कोलियारी और पारागांव के बीच महानदी किनारे तटबंध निर्माण कार्य के दौरान शनिवार सुबह उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। काम करते समय वह बेहोश होकर गिर पड़ा, जिसके बाद साथी मजदूर उसे उपचार के लिए कुरूद अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे गोबरा नवापारा रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद निर्माण स्थल पर श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का आरोप है कि भीषण गर्मी के बावजूद मजदूरों के लिए पर्याप्त सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई थीं। मौके पर प्राथमिक उपचार, पेयजल, सुरक्षा उपकरण और नियमित स्वास्थ्य जांच जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं का अभाव बताया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित