रायपुर , जुलाई 18 -- महादेव ऑनलाइन बेटिंग सिंडिकेट से जुड़े धन शोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) मामले की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने टीवी होस्ट और बिग बॉस रियलिटी शो की पूर्व प्रतिभागी शेफाली बग्गा से लगातार पूछताछ की है। एजेंसी का दावा है कि हाल ही में दिल्ली स्थित उनके आवास पर की गई तलाशी के दौरान 30 लाख रुपये नकद बरामद हुए, जिसे अवैध बेटिंग ऐप्स के प्रचार से अर्जित आय बताया गया है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान शेफाली बग्गा ने बताया कि सट्टेबाजी ऐप्स के प्रचार से जुड़ी डील और उससे संबंधित वित्तीय लेनदेन का पूरा हिसाब-किताब उनके पिता देखते थे। जांच एजेंसी का आरोप है कि वह अपने 58 लाख फॉलोअर्स वाले इंस्टाग्राम अकाउंट के माध्यम से लोगों को टेलीग्राम चैनलों पर भेजती थीं, जहां उन्हें सट्टेबाजी में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाता था। एजेंसी के मुताबिक, उपयोगकर्ताओं को यह कहकर आकर्षित किया जाता था कि "एजेंसियां कुछ नहीं बिगाड़ पाएंगी"।

ईडी के अनुसार, तलाशी के बाद धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की धारा 17 के तहत दर्ज बयान में शेफाली बग्गा ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए अवैध बेटिंग ऐप्स का प्रचार किया, जबकि उन्हें इसकी गैरकानूनी प्रकृति की जानकारी थी। एजेंसी का यह भी कहना है कि उन्होंने माना है कि उनके घर से बरामद नकदी सट्टा ऐप्स के प्रमोशन से हुई कमाई का हिस्सा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित