रायपुर , जुलाई 09 -- छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने महादेव सट्टा ऐप प्रकरण और प्रदेश में कथित अतिक्रमण के मुद्दे पर कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि महादेव सट्टा नेटवर्क कांग्रेस के संरक्षण में फला-फूला। उन्होंने दावा किया कि मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर की ओमान में गिरफ्तारी तथा कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के बाद जांच में कई और बड़े नाम सामने आ सकते हैं।

भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में श्री ठाकुर ने कहा कि महादेव सट्टा प्रकरण के आरोपी सौरभ चंद्राकर का संबंध दुर्ग जिले से है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में इस पूरे नेटवर्क को राजनीतिक संरक्षण मिला और उस समय संरक्षण तथा कथित रॉयल्टी को लेकर तत्कालीन मुख्यमंत्री और गृह मंत्री के बीच मतभेद की चर्चा भी रही। उनका कहना था कि आरोपियों को छत्तीसगढ़ लाए जाने के बाद मामले में और खुलासे होने की संभावना है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा से सटोरियों और भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देती रही है तथा कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष का भी इस पूरे मामले से संबंध रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के ही नेताओं ने पूर्व में रामगोपाल अग्रवाल को पूर्व मुख्यमंत्री के कथित सिंडिकेट का कोषाध्यक्ष बताया था।

प्रदेश में अतिक्रमण के मुद्दे पर ठाकुर ने कहा कि विकसित और सुव्यवस्थित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए अवैध कब्जों पर रोक जरूरी है। उन्होंने कहा कि एक आम व्यक्ति जीवनभर की कमाई से छोटा मकान बनाता है, जबकि कुछ लोग हजारों वर्गफुट सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर लेते हैं। ऐसे मामलों पर समाज और राजनीतिक दलों को गंभीरता से विचार करना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित