नयी दिल्ली , जुलाई 15 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने महादेव बेटिंग ऐप से जुड़े कथित धन शोधन मामले को लेकर बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा और कहा कि यदि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) पर किसी प्रकार का दबाव न डाला जाए तो 1,200 करोड़ रुपये के इस कथित घोटाले में कई भाजपा नेताओं के नाम सामने आ सकते हैं।

श्री यादव ने आरोप लगाया कि दिल्ली भाजपा के आर्थिक प्रकोष्ठ के संयोजक विकास गर्ग की गिरफ्तारी और उनसे जुड़ी कंपनियों की लगभग 940.77 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क होना गंभीर मामला है।भाजपा इस मामले को व्यक्तिगत व्यापारिक गतिविधि बताकर पल्ला झाड़ने की कोशिश कर रही है, जबकि इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि विकास गर्ग से इससे पहले भी कथित सीमा शुल्क धोखाधड़ी से जुड़े धन शोधन मामले में पूछताछ हो चुकी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में सत्ता संभालने के बाद भाजपा सरकार पर भी भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लग रहे हैं।

श्री यादव ने अस्पतालों में दवाइयों और चिकित्सा उपकरणों की खरीद में कथित 650 करोड़ रुपये के घोटाले तथा जीबी पंत अस्पताल में कथित अनियमितताओं का भी उल्लेख करते हुए पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच से भ्रष्टाचार में शामिल सभी लोगों की भूमिका उजागर हो सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित