मोतिहारी , जून 01 -- बिहार के पूर्वी चंपारण में स्थित महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव ने 14वें दलाई लामा से मुलाकात कर उन्हें विश्वविद्यालय परिसर भ्रमण के लिए आमंत्रित किया है।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी की गई जानकारी के अनुसार यह प्रेरणादायी मुलाकात शांति, करुणा, मानवता, सह-अस्तित्व और नैतिक मूल्यों के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। ये वही आदर्श हैं जिनका अनुसरण महात्मा गांधी और धर्म गुरु दलाई लामा ने अपने जीवन एवं विचारों के माध्यम से किया है।
कुलपति प्रो. श्रीवास्तव ने इस मुलाकात के दौरान दलाई लामा को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, भावी योजनाओं, नवाचार, भारतीय ज्ञान परंपरा और वैश्विक उत्कृष्टता के समन्वय की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने मोतिहारी और चंपारण सत्याग्रह की ऐतिहासिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह वही भूमि है जहाँ से महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और सामाजिक परिवर्तन का संदेश पूरे देश को दिया था।
कुलपति ने दलाई लामा को विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षकों और बुद्धिजीवियों के साथ संवाद के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि उनका आगमन युवाओं के लिए अत्यंत प्रेरणादायी होगा तथा शांति, नैतिक नेतृत्व, आध्यात्मिक चिंतन और मानवीय मूल्यों के प्रति नई चेतना का संचार करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित