नयी दिल्ली , अक्टूबर 2 -- प्रमुख उद्यमी एवं वेदांत समूह के मुखिया अनिल अग्रवाल ने कहा है कि महात्मा गांधी युवाओं और महिलाओं को परिवर्तन की बड़ी ताकत मानते थे और उनके जीवन के बहुत से तत्व युवाओं के लिए आज भी प्रेरणादायक हैं।

गांधी जयंती के अवसर पर श्री अग्रवाल ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महानायक को नमन करते हुए सोशल मीडिया पर एक संदेश में कहा," बापू युवाओं और महिलाओं को समाज में बदलाव की एक बड़ी ताकत मानते थे।"बिहार के साधारण परिवार से निकाल कर खनन एवं धातु उद्योग में विश्व स्तर पर काम कर रहे श्री अग्रवाल ने कहा,"गांधी जी की ज़िंदगी के विभिन्न अनुभवों और प्रयोगों में आज भी ऐसे कई "ज्ञान के मोती" मिलते हैं, जो हमारी युवा पीढ़ी को प्रेरणा देते हैं।" उन्होंने बचपन की याद करते हुए कहा कि वह बड़ों से गांधीजी के चंपारण आने की कई कहानियाँ सुना करते थे। उन्हें सुनाया गया था कि एक दिन गांधीजी जब चंपारण के दौरे पर थे, तो एक परिवार ने उन्हें खाने पे न्योता दिया। खाना परोसती महिला की मटमैली साड़ी देखकर हैरान कस्तूरबा बा ने पूछा कि उसने इतने मैले कपड़े क्यों पहने हैं? वो महिला, बा को अपनी झोपड़ी के अंदर ले गयी और बताया कि उसके पास सिर्फ़ वही एक साड़ी है, जो उसने पहन रखी है। दूसरी साड़ी होती, तभी तो इसे धो पाती।

श्री अग्रवाल ने कहा कि शायद उस एक साड़ी में गांधीजी ने उस भारत की पूरी तस्वीर देख ली थी, जिसके लिए उन्हें आगे अपना जीवन समर्पित करना था।

श्री अग्रवाल ने इस बार की गांधी जयंती को देश की युवा पीढ़ी और उसकी विशाल संभावनाओं को समर्पित किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित