वाराणसी , सितंबर 26 -- राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के उपलक्ष्य में सायाजीराव गायकवाड़ केंद्रीय पुस्तकालय, काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में 30 सितंबर से छह अक्टूबर तक विशेष पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शनी साइबर लाइब्रेरी अध्ययन केंद्र स्थित सेमिनार हॉल में प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक दर्शकों के लिए खुली रहेगी।
प्रदर्शनी में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारों तथा राष्ट्र के प्रति उनके योगदान से संबंधित चयनित पुस्तकें, दुर्लभ प्रकाशन, अभिलेखीय दस्तावेज, छायाचित्र एवं अन्य महत्वपूर्ण शैक्षणिक व शोध सामग्री प्रदर्शित की जाएगी। यह आगंतुकों को दोनों महान नेताओं के दर्शन, नेतृत्व, जनसेवा एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान को समझने का अवसर प्रदान करेगी।
केंद्रीय पुस्तकालय का उद्देश्य इन नेताओं के आदर्शों, मूल्यों और विचारों की समकालीन प्रासंगिकता को रेखांकित करना तथा विद्यार्थियों व युवा शोधार्थियों को प्रामाणिक स्रोतों के माध्यम से उनके जीवन व कार्यों के अध्ययन के लिए प्रेरित करना है।
विश्वविद्यालय के विद्यार्थी, शोधार्थी, शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य सदस्य इस प्रदर्शनी में सहभागी बनने के लिए आमंत्रित हैं। पुस्तकालय ने सभी सदस्यों से इस ज्ञानवर्धक आयोजन का अवलोकन करने का अनुरोध किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित