मोतिहारी , फरवरी 20 -- महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय (एमजीसीयू), मोतिहारी में स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) अध्ययन केंद्र में शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है।
अब इच्छुक छात्र 28 फरवरी, 2026 तक विभिन्न पाठ्यक्रमों में नामांकन ले सकते हैं।
इग्नू केंद्र (कोड-46040) के समन्वयक डॉ. श्याम नंदन ने जानकारी देते हुए बताया कि दरभंगा क्षेत्रीय केंद्र के अंतर्गत इस सत्र से कुल 18 नए पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं। जो छात्र किसी कारणवश अब तक आवेदन नहीं कर पाए थे, उनके लिए यह एक बेहतर अवसर है। उन्होंने बताया कि स्नातक स्तर पर कला (बहुविषयक), वाणिज्य तथा कला स्नातक ऑनर्स के अंतर्गत राजनीति विज्ञान, अंग्रेज़ी, इतिहास, हिंदी और संस्कृत विषयों में नामांकन की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि स्नातकोत्तर स्तर पर हिंदी (वर्नाक्युलर), हिंदी, इतिहास, राजनीति विज्ञान, अंग्रेज़ी, समाजशास्त्र, संस्कृत एवं वाणिज्य विषयों में पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त प्रबंधन में स्नातकोत्तर (एमबीए), अनुवाद में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा तथा डिजिटल मीडिया में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा जैसे व्यावसायिक एवं डिप्लोमा पाठ्यक्रम भी शुरू किए गए हैं। उन्होंने बताया कि जो विद्यार्थी किसी कारण से उक्त पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने से वंचित रह गए थे, वह अब 28 फरवरी, 2026 तक प्रवेश ले सकते है।
डॉ.श्याम नन्दन ने बताया कि नयी शिक्षा शिक्षा नीति के तहत नियमित छात्र-छात्राएं ड्यूअल डिग्री की सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। नयी शिक्षा नीति के अनुसार एक साथ दो पाठ्यक्रमों में प्रवेश लिया जा सकता है, बशर्ते दोनों पाठ्यक्रमों में से एक दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से हो। ऐसे में इग्नू छात्र-छात्राओं के लिए ड्युअल डिग्री के लिहाज से महत्वपूर्ण है। इसलिए जो छात्र-छात्राएं किसी भी शिक्षण संस्थान में अध्ययनरत हों, वह केंद्रीय विश्वविद्यालय स्थित इग्नू केंद्र में प्रवेश ले सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित