मुंबई , जून 10 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता गिरीश महाजन की पंजाब यात्रा के दौरान की गयी हालिया टिप्पणियों को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बीच तीखी बहस हुई है।
गौरलब है कि श्री महाजन ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस ने सिख समुदाय के खिलाफ अत्याचार किए थे। इन टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री पवार ने श्री महाजन की आलोचना की और आरोप लगाया कि ऐसे बयानों से देश की बदनामी होती है।
श्री पवार की आलोचना का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने बुधवार को यहां संवाददाताओं से बात करते हुए कहा, "यह एक निर्विवाद सत्य है कि कांग्रेस के नेतृत्व में दिल्ली और पूरे भारत में सिखों का नरसंहार हुआ था। हम जीवन भर इन अत्याचारों की निंदा करते रहेंगे।"श्री महाजन की यात्रा के संदर्भ को स्पष्ट करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा नेता को पंजाब सरकार ने सिखों के नौवें गुरु के 300वें शहीदी दिवस के लिए भव्य कार्यक्रमों के आयोजन में महाराष्ट्र सरकार के प्रयासों को सराहने के लिए आमंत्रित किया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित