उज्जैन , जनवरी 12 -- मध्यप्रदेश के विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर की नगरी उज्जैन में 15 जनवरी को श्री महाकाल महोत्सव के अंतर्गत शिव तत्त्व और श्री महाकाल पुरातिहास, साहित्य और संस्कृति के परिप्रेक्ष्य में केंद्रित अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित की जाएगी।

आधिकारिक जानकारी में बताया कि वीर भारत न्यास एवं श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा 14 से 18 जनवरी 2026 तक आयोजित किए जा रहे श्री महाकाल महोत्सव में दस से अधिक देशों और भारत के बारह से अधिक राज्यों के विद्वान विषय के विविध पक्षों पर प्रकाश डालेंगे।

इन देशों में मॉरीशस, नीदरलैंड, फिजी, यूएसए, यूके, आयरलैंड, नॉर्वे, स्वीडन, थाईलैंड, श्रीलंका और नेपाल आदि सम्मिलित हैं। संगोष्ठी में भारत के राज्यों उत्तरप्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, उड़ीसा, तमिलनाडु, आंध्रप्रदेश, केरल, राजस्थान, गुजरात, पंजाब, मध्यप्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश आदि के विशेषज्ञ विद्वान सम्मिलित होंगे।

वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी एवं संगोष्ठी के मुख्य समन्वयक प्रो शैलेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि इस संगोष्ठी का आयोजन त्रिवेणी कला एवं पुरातत्व संग्रहालय, महाकाल लोक में किया जाएगा। संगोष्ठी में देश - विदेश के विविध क्षेत्रों में शिवोपासना, पुराख्यान, पुरातत्व, इतिहास, शैव दर्शन, साहित्य, वास्तु, मुद्राशास्त्र, शिल्प, चित्र आदि पर गहन मंथन किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित