उज्जैन , फरवरी 25 -- मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में संध्या और शयन आरती के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं पर 250 रुपये शुल्क लगाए जाने के विरोध में जिला यूथ कांग्रेस सड़कों पर उतर आई।

जिला यूथ कांग्रेस अध्यक्ष अर्पित यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। यूथ कांग्रेस ने इस निर्णय को आस्था पर करारोपण और धर्म का व्यवसायीकरण बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि भगवान और भक्त के बीच शुल्क की दीवार खड़ी करना न्यायसंगत नहीं है। विरोध के बाद यूथ कांग्रेस ने जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर नई व्यवस्था को निरस्त करने की मांग की।

यूथ कांग्रेस ने अपनी प्रमुख मांगों में कहा कि संध्या आरती और शयन आरती के लिए निर्धारित 250 रुपये का शुल्क तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए। साथ ही सामान्य श्रद्धालुओं के लिए गर्भगृह से दर्शन की पूर्व व्यवस्था पुनः प्रारंभ की जाए।

कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि दर्शन के नाम पर किसी प्रकार का व्यावसायीकरण स्वीकार नहीं किया जाएगा और आम श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित