उज्जैन , सितंबर 22 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन स्थित भगवान श्री महाकालेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित एवं सकारात्मक दर्शन अनुभव उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 800 सुरक्षाकर्मियों को विशेष व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

कलेक्टर एवं श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष रोशन कुमार सिंह तथा प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक के निर्देशानुसार ग्राम लेकोडा स्थित अवंतिका यूनिवर्सिटी, उज्जैन में प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। विश्वविद्यालय के उपकुलपति नितिन राणा एवं स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के डीन डॉ. प्रोफेसर अजीत उपाध्याय के मार्गदर्शन में सुरक्षाकर्मियों को सॉफ्ट स्किल, श्रद्धालुओं के साथ मधुर एवं सकारात्मक व्यवहार, भीड़ एवं कतार प्रबंधन तथा दर्शन व्यवस्था के दौरान प्रभावी संवाद का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की जारी विज्ञप्ति में बताया कि प्रशिक्षण के दौरान सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ संयमित, सहयोगात्मक एवं संवेदनशील व्यवहार करने तथा दर्शन व्यवस्था से संबंधित आवश्यक जानकारी सहजता से उपलब्ध कराने के लिए व्यावहारिक रूप से तैयार किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित