उज्जैन (मध्य प्रदेश) , जून 01 -- उज्जैन फाल्कन्स ने मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) टी20 सिंधिया कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत से पहले यहां स्थित पवित्र महाकालेश्वर मंदिर में भगवान महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। टीम के खिलाड़ी, कोचिंग स्टाफ, सहयोगी सदस्य और फ्रेंचाइजी प्रतिनिधि एक साथ मंदिर पहुंचे और आगामी सीजन के लिए भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया।
माधव तिवारी जैसे आईपीएल अनुभवी खिलाड़ी और युवा प्रतिभाओं से सुसज्जित फ्रेंचाइजी को लेकर प्रशंसकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। दिल्ली कैपिटल्स के लिए आईपीएल 2026 में प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले माधव से टीम और मजबूती मिली है। आईपीएल में तीन मैचों में चार विकेट लेने वाले माधव के अलावा टीम में यश दुबे, चंचल राठौर, आर्यन पांडे और सोहम पटवर्धन जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी भी शामिल हैं।
पूर्व मध्य प्रदेश क्रिकेटर सुनील धोलपुरे के मार्गदर्शन में टीम ने हाल के दिनों में नेट्स पर खूब पसीना बहाया है। टीम का पूरा ध्यान लीग शुरू होने से पहले सही लय हासिल करने पर है।
हाल ही में उज्जैन फाल्कन्स की नई जर्सी भी लॉन्च की गई है। मंदिर दर्शन के बाद उज्जैन फाल्कन्स के प्रमोटर विनायक कालानी ने कहा, "महाकालेश्वर मंदिर उज्जैन के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले पूरी टीम का यहां आकर आशीर्वाद लेना हमारे लिए बेहद विशेष क्षण था। हमने प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का एक मजबूत समूह तैयार किया है, जो हर दिन कड़ी मेहनत के साथ सीजन की तैयारी कर रहा है।"उज्जैन फाल्कन्स अपने एमपीएल टी20 2026 अभियान की शुरुआत 3 जून को इंदौर के होलकर स्टेडियम में ग्वालियर चीताज के खिलाफ करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित