कोलकाता , सितंबर 07 -- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को घोषणा की कि इस वर्ष दुर्गा पूजा के दौरान महाअष्टमी के दिन पूरे राज्य में शराब की बिक्री और परोसने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

श्री अधिकारी ने यहां साइंस सिटी के पास मिलन मेला में आयोजित हितधारकों की दुर्गा पूजा समन्वय बैठक में कहा कि यह प्रतिबंध शराब की खुदरा दुकानों व काउंटर आउटलेट्स के साथ-साथ बार और अन्य लाइसेंस प्राप्त प्रतिष्ठानों में शराब परोसने पर भी लागू होगा।

मुख्यमंत्री ने बंगाल के सबसे बड़े त्योहार के धार्मिक और सांस्कृतिक स्वरूप को बनाये रखने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा, "महाअष्टमी के दिन सभी प्रकार की शराब की दुकानें और बार बंद रहेंगे।"श्री अधिकारी ने यह भी कहा कि पूजा स्थलों पर या विसर्जन जुलूसों के दौरान डीजे बजाने की अनुमति नहीं दी जायेगी।

आयोजकों से त्योहार की पवित्रता बनाये रखने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि मूर्तियों के डिजाइन, पंडालों, थीम और सजावट से दुर्गा पूजा की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान के साथ कोई समझौता नहीं होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने आयोजकों से 25 अक्टूबर को पड़ने वाली लक्ष्मी पूजा से एक दिन पहले, यानी 24 अक्टूबर तक दुर्गा मूर्तियों का विसर्जन पूरा करने का भी अनुरोध किया।

उन्होंने कहा कि विसर्जन का कार्यक्रम पारंपरिक पंजिका और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार होगा। उन्होंने कहा कि सरकार का मनमाने ढंग से तिथियां थोपने का कोई इरादा नहीं है।

यह घोषणाएं हितधारकों की बैठक में की गयी, जिसमें कोलकाता की 1,355 राज्य के अन्य हिस्सों की 78 और हावड़ा की 20 पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के अलावा नागरिक निकायों, पुलिस, बिजली विभाग, अग्निशमन सेवाओं और अन्य सरकारी एजेंसियों के अधिकारियों ने भाग लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित