देहरादून , अक्टूबर 07 -- महर्षि वाल्मीकि के प्राकट्य दिवस पर मंगलवार को उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस पार्टी दोनों के प्रदेश कार्यालयों में उन्हें श्रद्धाभाव से स्मरण किया गया।
भाजपा की ओर से पूरे राज्य में श्रद्वांजलि समारोह आयोजित करने के साथ, देहरादून प्रदेश मुख्यालय में भी वैचारिक श्रद्वांजलि व्यक्त की गईं। प्रदेश अध्यक्ष, सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा ने वाल्मीकि जयंती पर उनके विचारों को आत्मसार करते हुए, समाज में समरसता बढ़ाने और जातिवादी एवं दिग्भर्मित करने वाली राजनीति का जवाब देने का संकल्प लिया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से महर्षि वाल्मीकि के प्रेरणादायक उद्धरणों को अपने जीवन में उतारने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, "महर्षि वाल्मीकि ने अनेकों प्रेरणादायक उद्धरण मानव जीवन और समाज को दिए हैं। वे उन ऋषियों में है जिन्होंने ऐसा महान ग्रंथ रचा, जिसमें प्रस्तुत प्रभु श्रीराम के जीवन वृतांत ने युगों युगों तक सभी पीढ़ियों का पथ प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि उनकी कालजई रचना में प्रभु श्री राम से संबंधित मानवता और व्यक्तिगत जीवन के अनेकों कर्तव्यों को उल्लेख किया गया है। व्यक्तिगत कर्तव्य, समरसता, दया और समानता के जिस भाव को उन्होंने त्रेता युग में लिखा गया, उसे प्रत्येक व्यक्ति और कार्यकर्ता को अपने जीवन में उतारना चाहिए।
श्री भट्ट ने कहा कि हमें महर्षि वाल्मीकि द्वारा बताए प्रेरक संदर्भों को अपने कर्तव्यों में निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसी भाव के साथ महर्षि वाल्मीकि जी की जयंती सभी जनपदों में मनाई जा रही है। भविष्य में उनकी जयंती को हर वर्ष मात्र एक कार्यक्रम नहीं बल्कि व्यक्तिगत प्रेरक प्रभाव के साथ मनाई जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि हमे रामायण में उल्लेखित विचारों के आधार पर, समाज में समरसता बढ़ाने और जातिवादी एवं दिग्भर्मित राजनीति का जवाब देने होगा।
इस अवसर पर उपस्थित नेता और कार्यकर्ताओं द्वारा वाल्मीकि जी के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए उनके दिखाए रास्ते को अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष नरेश बंसल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, प्रदेश कोषाध्यक्ष पुनीत मित्तल, कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, दायित्वधारी डाक्टर देवेंद्र भसीन, सुभाष बड़थ्वाल, भगवंत प्रसाद मकवाना, प्रदेश मीडिया सह संयोजक राजेंद्र नेगी, विनय गोयल, प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन, मुकेश कोली, राजकुमार पुरोहित समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
दूसरी ओर कांग्रेस मुख्यालय में राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तराखण्ड के सह प्रभारी सुरेन्द्र शर्मा ने महर्षि वाल्मीकि को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वह भारतीय संस्कृति के आदिकवि एवं रामायण के रचयिता थे। उन्होंने समाज को सत्य, न्याय, समानता और सदाचार का मार्ग दिखाया। उनके विचार आज भी समाज में नैतिकता और मानवता की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि हमें उनके जीवन दर्शन को स्मरण करते हुए संकल्प लेना है कि उनके दिखाए मार्ग पर चलकर समाज में समानता, भाईचारे और सेवा की भावना को और अधिक मजबूत किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित