नयी दिल्ली , अक्टूबर 26 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने महर्षि वाल्मीकि को समाज सुधारक और मर्यादा पुरुषोत्तम राम के मार्गदर्शक बताते हुए कहा है कि उनके विचारों से समाज में सद्भाव, समानता और सकारात्मकता का भाव जागृत होती है।

महर्षि वाल्मीकि प्रकटोत्सव के अवसर पर सोमवार को चाणक्यपुरी के नेहरू पार्क स्थित महर्षि वाल्मीकि मंदिर में सत्संग, हवन और भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर श्री नवीन ने संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त किया और श्रद्धालुओं को संबोधित किया। श्री नवीन के साथ दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा भी उपस्थित रहे।

इस दौरान महर्षि वाल्मीकि जी के जीवन-दर्शन, उनके आध्यात्मिक योगदान और 'रामायण' के माध्यम से समाज को दिए गए नैतिक, सामाजिक एवं मानवीय मूल्यों का स्मरण किया गया।

संतों ने अपने प्रवचनों में सामाजिक समरसता, भाईचारे, सेवा, सद्भाव और मानवता का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंतर्गत वैदिक हवन, भजन-कीर्तन, विशाल सत्संग एवं श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित