सोनीपत , मई 24 -- हरियाणा के सोनीपत में रविवार को महर्षि कश्यप जयंती के अवसर पर महर्षि कश्यप समाज समिति लाल दरवाजा द्वारा कश्यप धर्मशाला सुंदर सांवरी में भंडारा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक निखिल मदान ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेकर महर्षि कश्यप को श्रद्धांजलि अर्पित की।
विधायक निखिल मदान ने महर्षि कश्यप की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित करते हुए कहा कि महर्षि कश्यप का जीवन समस्त मानव जाति के लिए प्रेरणादायक और पूजनीय है। उन्होंने कहा कि वे सप्तऋषियों में से एक थे तथा वेदों और पुराणों में उनका विशेष योगदान वर्णित है।
उन्होंने कहा कि महर्षि कश्यप ने समाज को ज्ञान, तप और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। आज की युवा पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर शिक्षा, संस्कार और समाज सेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए।
विधायक ने कश्यप समाज द्वारा शिक्षा और स्वरोजगार के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना भी की। इस अवसर पर गुरदीप कश्यप, रमेश कश्यप, रामनिवास, रामपाल, सतेंद्र, दीपक, राजेंद्र, विजय कुमार कुक्कू, गौरव कौशिक, बेदू हलवाई और राजवीर कश्यप सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित