नयी दिल्ली , जून 23 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने दक्षिण दिल्ली के महरौली में फुटपाथ पर परिवार के साथ सो रही 11 वर्षीय बच्ची के कथित अपहरण, दुष्कर्म और हत्या की घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर हमला बोला।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा कि यह मामला दिल्ली की कानून-व्यवस्था की गंभीर विफलता को उजागर करता है और महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री, उपराज्यपाल और पुलिस प्रशासन अपराध कम होने के दावे करते हैं, लेकिन राजधानी में महिलाओं और नाबालिग लड़कियों के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी की गिरफ्तारी का दावा सरकार और पुलिस की जवाबदेही से बचने का प्रयास मात्र है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी के कारण गरीब परिवार फुटपाथों पर रहने को मजबूर हैं, जो सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि रैन बसेरों की कमी के कारण हजारों बेघर लोग खुले में रात बिताने के लिए विवश हैं, जिससे वे अपराधियों का आसान निशाना बन जाते हैं।

श्री यादव ने मांग की कि सरकार बेघर लोगों का सर्वे कर पर्याप्त रैन बसेरों की व्यवस्था करे और फुटपाथों एवं खुले स्थानों पर रहने वाले परिवारों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों, की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और प्रशासन संयुक्त नीति बनाकर प्रभावी कदम उठाये। उन्होंने कहा कि महरौली की घटना केवल एक आपराधिक मामला नहीं, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा गंभीर सामाजिक मुद्दा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित