महराजगंज , अक्टूबर 24 -- उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) 25 अक्तूबर को दो पालियों में होगी। इसके लिए तैयारी की जा रही है। परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण कराने, परीक्षा की शुचिता बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है।
अभ्यर्थियों के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने आवश्यक तैयारियां की हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने पुलिस लाइन सभागार में क्षेत्राधिकारी फरेंदा एवं क्षेत्राधिकारी सदर की उपस्थिति में बैठक की। परीक्षा के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के संबंध में निर्देश दिए।
महराजगंज में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पेट) का आयोजन कुल 11 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा, जिसमें 4,872 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। परीक्षा 25 अक्टूबर, 30 अक्तूबर एवं 01 नवंबर 2026 को दो-दो पालियों में आयोजित होगी। परीक्षा के सुचारु एवं सकुशल आयोजन के दृष्टिगत जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। बैठक के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाए तथा परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सतर्कता बरती जाए। परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, किसी भी अवांछनीय गतिविधि की रोकथाम व आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय एवं सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने व परीक्षा अवधि के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर प्रभावी निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए, ताकि परीक्षा निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराई जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित