महराजगंज , अगस्त 27 -- उत्तर प्रदेश के महराजगंज में सीमावर्ती इलाकों में अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोल्हुई पुलिस ने गुरुवार सुबह करीब 10 लाख रुपये मूल्य का अवैध कॉस्मेटिक्स सामान बरामद कर पिकअप वाहन समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया।
क्षेत्राधिकारी फरेंदा दीपशिखा वर्मा ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे कोल्हुई पुलिस की टीम पिपरा चौकी के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप को देखकर पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया। चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
पुलिस ने पिकअप की तलाशी ली तो उसमें छिपाकर रखे 97 गत्ते बरामद हुए। इनमें फेयर एंड लवली/ग्लो एंड लवली क्रीम के कुल 6,984 पीस मिले। प्रत्येक गत्ते में 72 पीस थे। पुलिस के अनुसार बरामद कॉस्मेटिक्स की अनुमानित बाजार कीमत करीब 10 लाख रुपये है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चन्द्रेश सिंह निवासी अड्डा बाजार, थाना नौतनवा और रोहन साहनी निवासी गजरहा, थाना नौतनवा, महराजगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त पिकअप को भी जब्त कर लिया है। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि नेपाल सीमा से सटे होने के कारण आशंका है कि सामान को बिना वैध दस्तावेज और सीमा शुल्क चुकाए अवैध रूप से सीमा पार कराने की योजना थी। बरामद माल और वाहन को कस्टम अधिनियम की धारा 111 के तहत दाखिल कर दिया गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने के लिए चालान भेज दिया है। पुलिस अब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और बड़े तस्करों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित