महराजगंज , अक्टूबर 12 -- उत्तर प्रदेश में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार को महराजगंज में मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। उद्योग चौराहे से शुरू हुई रैली को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

रैली के माध्यम से महिला सुरक्षा, लैंगिक समानता और नारी सम्मान का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। महिला पुलिसकर्मियों एवं छात्राओं ने सहभागिता करते हुए महिलाओं और बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।

मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति टीमों द्वारा विद्यालयों, महाविद्यालयों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनके माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों, महिला कल्याणकारी योजनाओं और उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी दी जा रही है।

अभियान के दौरान वूमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया जा रहा है। साथ ही छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और साइबर अपराध की घटनाओं की स्थिति में बिना किसी भय के पुलिस से संपर्क करने तथा शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के निर्देशन में जिले के सभी थाना प्रभारियों और मिशन शक्ति टीमों को महिलाओं एवं बालिकाओं की शिकायतें संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर सुनने तथा संबंधित मामलों में त्वरित एवं प्रभावी विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षण संस्थानों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर सतर्कता बरतने के साथ महिला सुरक्षा संबंधी जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।

अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उनमें आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता विकसित करना है, ताकि वे बिना किसी भय के आगे बढ़ सकें और समाज में सम्मानपूर्वक अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।

कार्यक्रम में पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों के अलावा बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मी तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने महिला सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा सुरक्षित एवं जागरूक समाज के निर्माण का संकल्प व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित