महराजगंज , सितंबर 29 -- महाराजगंज जिले में लगातार हो रही अतिवृष्टि तथा गंडक बैराज से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण सोहगीबरवा क्षेत्र के प्रभावित गांवों में राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर जिला प्रशासन देर रात तक पूरी तरह सक्रिय रहा।

अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ प्रशांत कुमार ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों की स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा उन्हें आश्वस्त किया कि आपदा की इस स्थिति में जिला प्रशासन हर समय उनके साथ है। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कार्रवाई भी लगातार जारी रही। जिला प्रशासन की टीम द्वारा अब तक कई ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

अधिकारियों ने क्षेत्र में संचालित कम्युनिटी किचन का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वर्तमान में क्षेत्र में चार स्थानों पर कम्युनिटी किचन संचालित किए जा रहे हैं। एडीएम ने राहत कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित ग्रामीणों को समय से पर्याप्त मात्रा में गुणवत्तायुक्त एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा भोजन वितरण में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। इसके साथ ही पेयजल, प्रकाश, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक राहत व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली गई। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि अतिवृष्टि और गंडक बैराज से भारी डिस्चार्ज के कारण सोहगीबरवा क्षेत्र के तीन गांव प्रभावित हुए हैं। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में है तथा जलस्तर में लगातार कमी आ रही है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य आवश्यकता के अनुसार निरंतर जारी है।

अपर जिलाधिकारी ने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ तथा पुलिस अधिकारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए राहत एवं बचाव कार्यों में पूर्ण समन्वय बनाए रखने को कहा। प्रशासन द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। अपर जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सतर्क रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित