महराजगंज , नवंबर 24 -- उत्तर प्रदेश के महाराजगंज में सोमवार को केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं क्षेत्र के सांसद पंकज चौधरी ने अपने आवास पर आयोजित जनता दर्शन में बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं।आज सुबह से ही लोगों का तांता लगा रहा। ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने बिजली, पेयजल, सड़क, राशन, पेंशन, राजस्व विवाद, आवास, स्वास्थ्य सुविधाओं और शासन-प्रशासन से जुड़ी विभिन्न शिकायतें दर्ज कराईं। मंत्री ने प्रत्येक समस्या को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।

जनता दर्शन के दौरान उन्होंने मतदाता सूची शुद्धिकरण अभियान को लेकर एक महत्वपूर्ण संदेश भी दिया। श्री चौधरी ने स्वयं अपने एसआईआर से संबंधित वोटर रजिस्ट्रेशन फॉर्म को भरकर मतदाता सूची में पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित करने की दिशा में लोगों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा शुरू किया गया एसआईआर अभियान मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल है, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया और अधिक मजबूत होगी।

केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि शुद्ध मतदाता सूची लोकतंत्र की मूल आधारशिला है। यह अभियान महज नाम जोड़ने या हटाने तक सीमित नहीं है, बल्कि फर्जी, दोहरे और त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों की पहचान कर उन्हें हटाने की एक तकनीकी और पारदर्शी प्रक्रिया है। इससे चुनाव प्रक्रिया अधिक निष्पक्ष, व्यवस्थित और भरोसेमंद बनेगी। उन्होंने कहा कि आज के समय में जब समाज और तकनीक तेजी से विकसित हो रही है, ऐसे में मतदाता सूची की विश्वसनीयता सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।

श्री चौधरी ने जनता से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को एसआईआर अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। लोग अपनी तथा अपने परिवार की जानकारी का सत्यापन कराएं, आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में सहयोग दें। उन्होंने कहा कि मजबूत और सटीक मतदाता सूची ही निष्पक्ष चुनाव का मार्ग प्रशस्त करती है, जो भारत के लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह अभियान जिले में जागरूकता और नागरिक सहभागिता के नए आयाम स्थापित करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित