महराजगंज , अक्तूबर 18 -- उत्तर प्रदेश के महाराजगंज में नेपाली कास्मेटिक का धंधा तेजी पर है। नेपाली और भारतीय मूल्य के अंतर से तस्कर मोटा मुनाफा कमा रहे हैं। नेपाली कास्मेटिक को पहचानना आम लोगों के लिए मुश्किल है। खुली सीमा का फायदा उठाकर तस्कर मालामाल हो रहे हैं। सुरक्षा कर्मियों की नजर पड़ती है तो तस्कर दबोच लिए जाते हैं, अन्यथा आसानी से सरहद पार हो जाते हैं। 17 अक्तूबर को सुरक्षा कर्मियों ने कोल्ड क्रीम समेत अन्य सामान बरामद किया था।
जानकारी के अनुसार, नेपाली और भारतीय रुपये अंतर होता है। 100 रुपया भारतीय नेपाल में 150 से 160 रुपये होता है। नेपाल से कास्मेटिक धंधेबाज नेपाली रुपये देकर खरीदते हैं। भारतीय क्षेत्र में आने पर पैकेट पर नेपाली रुपये रेट अंकित होता है। धंधेबाज इसी का फायदा उठाते हैं। यह खेल कोई समझ नहीं पाता है। क्योंकि, कास्मेटिक बनाने वाली कंपनियां भारत व नेपाल में हैं। इनके उत्पाद को आसानी से कोई पहचान नहीं पाएगा। नेपाल से कास्मेटिक मंगाने के लिए कैरियर साइकिल व बाइक का सहारा लेते हैं। कम मात्रा में सामान नेपाल से लेकर सरहद के पास वाले गांवों के गोदामों में एकत्र करते हैं। इसके बाद मौका देखकर निर्धारित स्थान पर पहुंचा दिया जाता है।
सूत्रों की माने तो नेपाल से भारतीय क्षेत्र के झुलनीपुर, ठूठीबारी, लक्षमीपुर, बरगदवा, परसामलिक, भगवानपुर, सोनौली, सुंडी, हरदीडाली समेत अन्य क्षेत्रों से कैरियर थोड़ा थोड़ा करके कास्मेटिक बिक्री करते हैं। सीमावर्ती क्षेत्र के गांवों और चौराहों पर भी फेरीवाले आसानी से बिक्री कर लेते हैं। इनपर किसी की नजर नहीं होती है। खुली सीमा होने के कारण सीमावर्ती गांवों से बिक्री करते हुए नेपाल में चले जाते हैं। इसके बाद वहां से साइकिल पर सामान लादकर बिक्री करते हुए भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर जाते हैं। सुरक्षा कर्मी भी इनकी चाल समझ नहीं पाते हैं। असल में खेल होता है की ये सामान लेकर आसानी में भारतीय क्षेत्र में चले आते हैं। सूत्रों की मानें तो तस्करी के लिए कैरियरों को प्रति चक्कर 500 से 1000 रुपये मिल जाते हैं। उनको सीमावर्ती क्षेत्र के गोदाम तक सामान डंप करना रहता है।
17 अक्तूबर को सोनौली पुलिस टीम ने सोनौली कस्बें जांच के दौरान एक आरोपी को सामान नहीं पकड़ा। सोनौली कस्बे के वार्ड नंबर10, जानकी नगर स्थित गयासुद्दीन सिद्दीकी के मकान के नीचे से 06 पेटी कॉस्मेटिक सामान लावारिस बरामद हुआ। 720 पीस लाली, 6144 पीस कोल्ड क्रीम एवं 2880 पीस लिपबाम बरामद हुआ। बरामद सामान का अनुमानित मूल्य 2,78,000 है। सोनौली थाने के उप निरीक्षक नरेन्द्र कुमार पटेल ने बताया की प्रक्रिया पूरी करने के बाद बरामद सामान नौतनवा कस्टम को सौंप दिया गया। क्षेत्र में निगरानी तेज कर दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित