श्रीनगर , जुलाई 27 -- जम्मू-कश्मीर पीपल्स कॉन्फ्रेंस (जेकेपीसी) ने पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती की दिल्ली के जंतर-मंतर पर की गयी टिप्पणी के विरोध में सोमवार को शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया।

जेकेपीसी के प्रदेश सचिव (संगठन) शेख मोहम्मद इमरान ने कहा कि उनकी पार्टी कश्मीर के लोगों की गरिमा, पहचान और प्रतिष्ठा के अपमान पर खामोश नहीं बैठेगी। उन्होंने सुश्री मुफ्ती से बिना शर्त माफी मांगने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि वह अपनी टिप्पणी वापस नहीं लेती हैं, तो पार्टी अपना विरोध प्रदर्शन तेज करेगी।

श्री इमरान ने कहा, "महबूबा जी, कश्मीर के लोगों से माफी मांगिए। अगर आप माफी नहीं मांगती हैं, तो आज हम पार्टी कार्यालय के अंदर हैं, कल सड़कों पर होंगे।"पीडीपी नेतृत्व पर तीखा हमला बोलते हुए श्री इमरान ने सुश्री मुफ्ती पर खुद को कश्मीरियों के रक्षक के रूप में पेश करने की कोशिश करने का आरोप लगाया, जबकि उनके अनुसार घाटी के कुछ सबसे विवादित फैसलों के लिए वही जिम्मेदार थीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित