नयी दिल्ली , जून 23 -- महत्वपूर्ण खनिज मिशन के तहत इस क्षेत्र में आत्मनिर्भरता हासिल करने की दिशा में हाल में 10 खनिज ब्लॉकों की सफल नीलामी की गयी।
महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉकों की नीलामी की यह सातवीं किस्त थी। इसके संपन्न होने के साथ सफल नीलाम किये गये महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिज ब्लॉकों की कुल संख्या 56 हो गयी है। यह 63 प्रतिशत से अधिक की सफल नीलामी दर को दर्शाता है। केंद्र सरकार ने नीलामी के लिए महत्वपूर्ण खनिजों के 88 ब्लॉकों रखे हैं।
खान मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि यह घरेलू खनिज आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत करने और देश के महत्वपूर्ण खनिज मिशन को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
सातवीं किस्त में केंद्र सरकार ने गुजरात, उत्तराखंड और तेलंगाना में पहली बार महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉकों की नीलामी की। इसमें ग्रेफाइट, रेयर अर्थ एलिमेंट, वैनेडियम, टाइटेनियम, ग्लौकोनाइट, रॉक फॉस्फेट और संबंधित खनिज शामिल थे।
नीलामी का सातवां चरण 23 मार्च को जारी निविदा आमंत्रण सूचना (एनआईटी) के माध्यम से शुरू किया गया। इसमें महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिजों वाले 19 ब्लॉकों की पेशकश की गयी।
महत्वपूर्ण खनिज नीलामी के साथ-साथ मंत्रालय ने अन्वेषण लाइसेंस नीलामी का दूसरा चरण भी सफलतापूर्वक संपन्न किया। केंद्र सरकार द्वारा पहली बार अरुणाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और ओडिशा में अन्वेषण लाइसेंस ढांचे का विस्तार किया गया है इन राज्यों में भी महत्वपूर्ण और गहरे भंडारों में स्थित खनिजों का अन्वेषण संभव हो सकेगा। अन्वेषण लाइसेंस ब्लॉकों की कुल संख्या नीलामी प्रणाली की शुरुआत से अब तक 11 हो चुकी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित