रायपुर , जुलाई 19 -- छत्तीसगढ़ विधानसभा नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने रविवार को रायपुर के कांग्रेस भवन में केंद्र सरकार पर प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक की घटनाओं को रोकने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे करोड़ों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है और युवाओं में निराशा का माहौल बना है।
राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में महंत ने कहा कि देश में पेपर लीक की घटनाएं गंभीर समस्या बन चुकी हैं। उनका दावा था कि केंद्र में वर्तमान सरकार के कार्यकाल में 150 से अधिक पेपर लीक की घटनाओं से लगभग 7.5 करोड़ छात्र और उनके परिवार प्रभावित हुए हैं, जबकि दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि लाखों अभ्यर्थी वर्षों तक कठिन परिश्रम कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाओं से उनकी मेहनत और भविष्य दोनों प्रभावित होते हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पेपर लीक के मुद्दे को लगातार उठा रहे हैं तथा एनएसयूआई, युवा कांग्रेस और कांग्रेस संगठन देशभर में इसके खिलाफ अभियान चला रहे हैं।
महंत ने आरोप लगाया कि विभिन्न राज्यों में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र कथित रूप से लाखों रुपये लेकर बेचे गए। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं ने परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
उन्होंने जगदलपुर क्षेत्र की एक छात्रा की कथित आत्महत्या का उल्लेख करते हुए कहा कि परीक्षा परिणाम से निराश विद्यार्थियों की मानसिक स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ियों और बार-बार परीक्षा रद्द होने से विद्यार्थियों पर प्रतिकूल असर पड़ा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित