लखनऊ , जुलाई 3 -- उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय शुक्रवार को लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल पहुंचकर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास का कुशलक्षेम जानेंगे।

महंत नृत्य गोपाल दास इन दिनों मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनका उपचार चल रहा है। अजय राय उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने के साथ चिकित्सकों से भी मुलाकात कर सकते हैं तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करेंगे।

गौरतलब है कि महंत नृत्य गोपाल दास अयोध्या स्थित श्री मणिराम दास की छावनी के प्रमुख हैं। इसके अलावा वे श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष तथा श्री कृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के भी प्रमुख हैं।

कुछ दिन पहले ही उन्हें सांस लेने में दिक्कत की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिसके बाद से ही उनके स्वास्थ्य को लेकर विभिन्न राजनीतिक, धार्मिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि लगातार अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल ले रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित