भोपाल , अगस्त 27 -- राखी के त्योहार पर शक्कर की कीमतों में हुई वृद्धि और इस संबंध में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बयान को लेकर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी के राज्य सचिव जसविंदर सिंह ने कहा कि बयान जनता की भावनाओं को आहत करने वाला और उसके जख्मों पर नमक छिड़कने वाला है।
श्री सिंह ने कहा कि संसदीय कार्य मंत्री होने के नाते श्री विजयवर्गीय सरकार के प्रवक्ता भी हैं। इसलिए उनके बयान को व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं, बल्कि भाजपा की डॉ. मोहन यादव सरकार का आधिकारिक बयान माना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री या भाजपा के किसी नेता ने अब तक श्री विजयवर्गीय के बयान का खंडन भी नहीं किया है।
माकपा नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा धर्म और बहुसंख्यक समुदाय की भावनाओं की आड़ में सांप्रदायिक ध्रुवीकरण कर राजनीतिक लाभ उठाती रही है और शक्कर की कीमतों के मामले में उसका चेहरा सामने आ गया है।
उन्होंने कहा कि राखी का त्योहार धर्म से ऊपर उठकर हर व्यक्ति और परिवार द्वारा मनाया जाता है। ऐसे में शक्कर की कीमतों में वृद्धि से कालाबाजारियों और सटोरियों के मुनाफे के लिए जनता के इस स्नेहपूर्ण त्योहार की मिठास पहले ही फीकी कर दी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री के बयान ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। श्री सिंह ने कहा कि कैलाश विजयवर्गीय के बयान से यह और स्पष्ट हो गया है कि भाजपा सरकार जनता के बजाय कालाबाजारियों और सटोरियों के हित में काम कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित