चंडीगढ़ , मई 02 -- हरियाणा में सिरसा सीट से सांसद कुमारी सैलजा ने केंद्र सरकार पर महंगाई को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश की जनता इस समय महंगाई की मार झेल रही है, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार इस मुद्दे पर गंभीर नजर नहीं आ रही।
कुमारी सैलजा ने कहा कि रसोई गैस (एलपीजी) की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी से आम लोगों का बजट पूरी तरह बिगड़ जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि इसका असर केवल घरेलू खर्च तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि होटल, ढाबे, चाय-नाश्ते की दुकानों और छोटे व्यवसायों की लागत भी बढ़ेगी। इससे खाने-पीने की वस्तुओं के दाम बढ़ना तय है, जिससे आम आदमी का जीवन और कठिन हो जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास महंगाई को नियंत्रित करने के लिए कोई ठोस नीति या स्पष्ट रणनीति नहीं है। एक तरफ सरकार विकास के दावे करती है, वहीं दूसरी ओर जरूरी वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जो चिंता का विषय है।
कुमारी सैलजा ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हुई है। जनवरी से मई तक कीमतों में कई बार इजाफा हुआ, जिससे कुल मिलाकर लगभग 490 रुपये तक की वृद्धि हो चुकी है।
उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि गैस सिलेंडर की कीमतों में तुरंत राहत दी जाये और महंगाई पर नियंत्रण के प्रभावी और पारदर्शी नीति लागू की जाये, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित