चंडीगढ़ , मई 28 -- हरियाणा में सिरसा लोक सभा सीट से सांसद कुमारी सैलजा ने लगातार बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि पेट्रोल-डीजल के दाम और आर्थिक कुप्रबंधन के कारण आम आदमी खासकर मध्य वर्ग का जीवन मुश्किल हो गया है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि चाय, चीनी, चावल, दाल, कपड़े और अन्य रोजमर्रा की वस्तुएं लगातार महंगी हो रही हैं। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि से परिवहन लागत बढ़ी है, जिसका सीधा असर घरेलू बजट पर पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल कर वसूली और बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने में लगी है, जबकि आम जनता की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि महंगाई के कारण शादी-ब्याह और सामाजिक आयोजनों का खर्च भी आम परिवारों की पहुंच से बाहर होता जा रहा है।
उन्होंने केंद्र सरकार से पेट्रोल-डीजल पर कर कम करने, जमाखोरी और मुनाफाखोरी पर सख्त कार्रवाई करने तथा आम लोगों को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आगे भी किसानों, मजदूरों और मध्यम वर्ग की आवाज उठाती रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित