जालंधर , मई 25 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ प्रवक्ता पवन टीनू ने पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर केन्द्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार पर हमला बोलते हुए कहा है कि इसकी नीतियां किसान, राज्य और आम जनता विरोधी हैं, जिसके कारण लगातार ईंधन की कीमतें बढ़ रही हैं और आम लोगों की आर्थिक स्थिति पर गंभीर असर पड़ रहा है।
श्री टीनू ने सोमवार को एक बयान में कहा कि जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विपक्ष में थी, तब पेट्रोल और डीजल की कीमतों में मामूली बढ़ोतरी पर भी बड़े प्रदर्शन किये जाते थे, लेकिन अब लगातार बढ़ती कीमतों पर भाजपा नेताओं की चुप्पी समझ से परे है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 दिनों में पेट्रोल और डीजल के दामों में भारी बढ़ोतरी हुई है और इसके साथ ही कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कीमतें बढ़ने से महंगाई चरम पर पहुंच गयी है।
उन्होंने कहा कि महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुएं लगातार महंगी होती जा रही हैं, जिसका सबसे ज्यादा असर मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों पर पड़ रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, " मोदी जी को हाथ उठाकर कहना चाहिए कि महंगाई नियंत्रित करने के लिए थाली बजाओ। "श्री टीनू ने कहा कि जून महीने में धान की बुवाई शुरू होने वाली है और इस दौरान किसानों को डीजल की सबसे ज्यादा जरूरत होती है। डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी से खेती की लागत में भारी इजाफा होगा, जिसका सीधा असर किसानों की आय पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि किसान पहले ही केंद्र सरकार की नीतियों के कारण आर्थिक मंदी और घाटे से जूझ रहे हैं, ऐसे में महंगा ईंधन उनके लिए नयी समस्या बन गया है। उन्होंने भाजपा नेताओं रवनीत बिट्टू, अश्वनी शर्मा और सुनील जाखड़ पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले ये नेता हर मुद्दे पर बोलते थे, लेकिन पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ते ही इनके मुंह से एक शब्द भी नहीं निकल रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल चुनाव खत्म होते ही केंद्र सरकार ने जनता पर महंगाई का बोझ डाल दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा बड़े कॉरपोरेट घरानों को फायदा पहुंचाने के लिए हर संभव तरीका अपना रही है, जबकि आम लोग लगातार आर्थिक संकट झेल रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित