नयी दिल्ली , मार्च 03 -- पश्चिम एशिया में जारी सैन्य हमलों के बीच निजी विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने बुधवार से मस्कट, जेद्दा, मदीना और यूनान के लिए उड़ने दोबारा शुरू करने की घोषणा की है।

एयरलाइंस ने मंगलवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि वह ओमान की राजधानी मस्कट, सऊदी अरब के जेद्दा तथा मदीना और यूनान की राजधानी एथेंस के लिए चार मार्च से एक बार फिर उड़ानें शुरू करेगी। इसमें विभिन्न भारतीय शहरों को मिलाकर कुल 13 उड़ानें शुरू की जाएंगी। आने-जाने की मिलाकर कुल 26 उड़ानें होंगी।

इजरायल-अमेरिका द्वारा ईरान पर 28 फरवरी को किए गए हमले के बाद पश्चिम एशिया में स्थिति गंभीर हो गयी है। ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई में कई ऐसे देशों पर आक्रमण किया है जहां अमेरिका के सैन्य ठिकाने हैं। इसे देखते हुए भारतीय विमान सेवा कंपनियों ने पश्चिमी एशिया के लिए अपनी सारी उड़ानें रद्द कर दी थीं। हालांकि दो मार्च को इनमें से कई हवाई अड्डों को खोला गया और उड़ाने धीरे-धीरे दोबारा बहाल हो रही हैं।

इंडिगो ने इससे पहले बताया था कि वह जेद्दा से आज मुंबई, हैदराबाद और अहमदाबाद के लिए चार उड़ानों का परिचालन कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित