देहरादून , मार्च 13 -- भारतीय क्रिकेटर कुलदीप यादव की 14 मार्च को उत्तराखंड के देहरादून जनपद अंतर्गत पहाड़ों की रानी के रूप में विख्यात मसूरी में शुक्रवार को हल्दी और मेंहदी की रस्में सनातन परम्परा अनुरूप धूमधाम से आयोजित की गईं।
स्थानीय ऐतिहासिक होटल सवाय में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के बीच क्रिकेटर कुलदीप और उनकी अर्द्धांगिनी वंशिका की विवाह से पहले शादी की हल्दी व मेंहदी की रस्म पूरी हुई। अब वे शनिवार को सात फेरे लेंगे। आज की सभी रस्मों में दोनों के परिजन और नजदीकी शामिल हुए। आज रात में संगीत और कॉकटेल कार्यक्रम की भी व्यवस्था मेहमानों के लिए की गई है। दिन में हल्दी और मेंहदी रस्म के दौरान कुलदीप और वंशिका ने ढोल नगाड़ों पर जमकर नृत्य किया।
हल्दी की रस्म के दौरान कुलदीप ने पीले रंग का कुर्ता पायजामा और वंशिका ने पीले कलर की साड़ी पहन रखी थी। जबकि उससे पहले दूल्हा कुलदीप हल्के गुलाबी कलर के कुर्ता-पायजामा और दुल्हन हल्के एवं गहरे गुलाबी कलर की साड़ी में दिखाई दी।
उल्लेखनीय है कि शनिवार 14 मार्च को शादी के बाद उत्तर प्रदेश के लखनऊ में भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा। शादी समारोह में शामिल होने के लिए मोहित शर्मा, टी दिलीप, रिंकू सिंह यजुवेंद्र चहल सहित अन्य क्रिकेटर पहुंचे है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित