ग्वालियर , जून 28 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर के जनकगंज थाना क्षेत्र में एक मसाला कारोबारी ने अपने घर में कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 43 वर्षीय कपिल बंसल के रूप में हुई है। वह मूल रूप से डबरा के ठाकुर बाबा क्षेत्र के निवासी थे और पिछले लगभग 14 वर्षों से ग्वालियर के नई सड़क स्थित त्रिवेदी नर्सिंग होम के पीछे किराये के मकान में पत्नी के साथ रह रहे थे। महाराज बाड़ा के निकट चौड़ी बाजार में उनकी मसालों की दुकान थी।
परिजनों ने बताया कि शनिवार रात कपिल बंसल ने परिवार के साथ भोजन किया और इसके बाद अपने कमरे में सोने चले गए। देर रात उनकी पत्नी ने उन्हें फांसी के फंदे पर लटका देखा, जिसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई।
मृतक के बड़े भाई नितिन बंसल ने बताया कि कपिल ने प्रेम विवाह किया था। परिवार के अनुसार उन्हें किसी आर्थिक अथवा पारिवारिक परेशानी की जानकारी नहीं थी और आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित