नयी दिल्ली , अप्रैल 26 -- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पद्मश्री से सम्मानित मशहूर फोटोग्राफर रघु राय के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

श्री खरगे ने रविवार को अपने शाेक संदेश में कहा '' भारत के अग्रणी फोटोग्राफरों में से एक और पांच दशकों से अधिक समय तक एक बेहतरीन फोटो पत्रकार रहे श्री रघु राय के निधन से मैं अत्यंत व्यथित हूं। पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित रघु राय का बांग्लादेश मुक्ति युद्ध की सशक्त कवरेज और श्रीमती इंदिरा गांधी जैसी प्रतिष्ठित हस्तियों की कई तस्वीरें हमारी सामूहिक स्मृति में हमेशा रहेंगी। उनके परिवार, मित्रों और छात्रों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।"श्री गांधी ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि उन्होंने सिर्फ तस्वीरें ही नहीं लीं, बल्कि हमारे देश की स्मृतियों को सहेज कर रखा है। श्री गांधी ने कहा कि रघु राय जी के कैमरे ने छह दशकों से अधिक समय तक भारत की आत्मा को कैद किया, यहां के लोग, उनके संघर्ष, खुशियां और देश के निर्णायक क्षणों को उन्होंने अपनी तस्वीरों के माध्यम से दुनिया के सामने रखा।

श्री गांधी ने कहा, "उन्होंने सिर्फ तस्वीरें नहीं लीं, बल्कि हमारे देश की स्मृतियों को सहेज कर रखा।" उन्होंने कहा कि श्री राय के योगदान को हमेशा याद किया जाएगा, और उनकी तस्वीरें आने वाली पीढ़ियों के लिए भारत के इतिहास और समाज का जीवंत दस्तावेज बनी रहेंगी। उन्होंने दिवंगत फोटोग्राफर के परिवार, उनके सहयोगियों और उनके काम से प्रभावित अनगिनत प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित