चेन्नई , जून 12 -- अभिनेता-निर्देशक और लोकप्रिय कोरियोग्राफर राघव लॉरेंस ने अपने राजनीति में प्रवेश और आगामी उपचुनाव में टीवीके के टिकट पर चुनाव लड़ने की अफवाहों पर प्रतिक्रिया देते हुये कहा कि इस संबंध में अंतिम फैसला वह जनता की राय जानने के बाद करेंगे।
इससे पहले राजनीतिक हलकों में अफवाहें फैली हुयी थीं कि श्री लॉरेंस टीवीके के संस्थापक और मुख्यमंत्री विजय द्वारा खाली की गयी तिरुचि ईस्ट विधानसभा सीट पर आगामी उपचुनाव टीवीके के टिकट पर लड़ सकते हैं।
श्री लॉरेंस ने कुछ दिन पहले भी टीवीके में शामिल होने और इसके उम्मीदवार के रूप में उपचुनाव लड़ने की अटकलों पर विराम लगाने का प्रयास किया था। तब उन्होंने कहा था कि वह 11 जून को एक महत्वपूर्ण घोषणा करेंगे। लेकिन अनुभवी फिल्म निर्माता भारततीराजा के निधन के बाद अपनी घोषणा को उन्होंने एक दिन के लिये स्थगित कर दिया था।
सोशल मीडिया पर अपने एक वीडियो संदेश के माध्यम से उन्होंने कहा कि हाल की परिस्थितियों ने उन्हें ऐसा कदम उठाने के लिये प्रेरित किया है। उन्होंने कहा कि इससे पहले उन्होंने कभी ऐसी कोई योजना नहीं बनायी थी।
राजनीति में प्रवेश और चुनाव लड़ने के बारे में श्री लॉरेंस ने कोई औपचारिक घोषणा नहीं की। उन्होंने कोई भी निर्णय लेने से पहले इस संबंध में जनता की राय मांगी है।
श्री लॉरेंस ने कहा कि राजनीति में प्रवेश करने की उनकी कोई महत्वकांक्षा नहीं थी।
एक्स पर अपने संदेश में उन्होंने लिखा, "फल की इच्छा किये बिना अपना कर्तव्य ईमानदारी से निभायें। मुझे आपकी सलाह और मार्गदर्शन की आवश्यकता है। मैंने कभी राजनीति में आने की कल्पना नहीं की थी। मेरा कभी भी पैसा कमाने या कोई सीट पाने का इरादा नहीं था। मेरा एकमात्र विचार था कि यदि कोई ऐसा व्यक्ति जिस पर मैं विश्वास करता हूँ और जो मेरे करीब है, राजनीति में प्रवेश करता है, तो मैं उनके साथ खड़ा रहूंगा। उनके साथ मिलकर मैं समाज की सेवा उससे बड़े पैमाने पर करूंगा, जिस पैमाने पर मैं व्यक्तिगत रूप से कर पा रहा था।"उन्होंने कहा, "आज परिस्थितियां मुझे ऐसे मोड़ पर ले आयी हैं, जहां मुझे राजनीति में प्रवेश करने की आवश्यकता है। वीडियो में मैंने राजनीति के प्रति अपनी समझ, यह मेरे जीवन में कैसे आयी, राजनीति पर मेरी मां का दृष्टिकोण और कुछ महत्वपूर्ण तथा दिलचस्प घटनाओं के बारे में पूरी ईमानदारी और स्पष्टता के साथ सीधे अपने दिल से बात की है। इन्हीं बातों ने मेरे इस सफर को आकार दिया है।"श्री लॉरेंस ने कहा, "मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि वीडियो को अंत तक देखें और अपने विचार मेरे साथ साझा करें। आपकी सलाह और मार्गदर्शन मेरे लिये बहुत मायने रखते हैं क्योंकि मैं आप सभी के आशीर्वाद से यह महत्वपूर्ण कदम उठा रहा हूं।"अपने विचारों को विस्तार से बताने के लिये इस वीडियो में श्री लॉरेंस ने बताया कि कैसे राजनीति धीरे-धीरे उनके जीवन में प्रासंगिक हो गयी। उन्होंने इस क्षेत्र के बारे में अपनी व्यक्तिगत समझ, अपनी मां के विचारों के प्रभाव और कुछ अनुभवों पर विचार साझा किये। उन्होंने लोगों से वीडियो को पूरी तरह से देखने और अपनी ईमानदार प्रतिक्रिया साझा करने का आग्रह किया, और इस बात पर जोर दिया कि उनका मार्गदर्शन उनके निर्णय लेने की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण होगा।
उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें राजनीति में प्रवेश करने के लिये हतोत्साहित करती है, तो वह व्यक्तिगत रूप से सामाजिक सेवा को जारी रखेंगे। यदि जनता उन्हें राजनीति में प्रवेश करने के लिये प्रोत्साहन देती है, तो वह राजनीति में कदम रखने के लिये तैयार हैं। उसके बाद ही वह अपनी राजनीतिक यात्रा के विवरण की घोषणा करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित