‎पटना , अप्रैल 07 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मिडिया प्रभारी दानिश इक़बाल ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ(आरएसएस) और भाजपा के बारे में दिया गया बयान भड़काऊ और आपत्तिजनक है।

श्री इक़बाल ने आज अपने बयान में पलटवार करते हुए कहा कि श्री खड़गे की भाषा पूरी तरह से निंदनीय है और इस मामले में चुनाव आयोग को उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।

‎‎बिहार भाजपा के मीडिया प्रभारी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री खड़गे के बयान को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण, गैर-जिम्मेदाराना और देश की सामाजिक एकता को नुकसान पहुंचाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि एक राष्ट्रीय पार्टी के शीर्ष नेता से इस तरह की भाषा की अपेक्षा नहीं की जाती है।

‎श्री इक़बाल ने कहा कि कांग्रेस के अध्यक्ष का बयान यह साबित करने के लिए काफी है कि कांग्रेस पार्टी तुष्टिकरण और समाज को बांटने की राजनीति से बाहर निकलना ही नहीं चाहती है। इस प्रकार के बयान न केवल राजनीतिक मर्यादा को गिराते हैं, बल्कि समाज में अविश्वास और तनाव भी पैदा करने का काम करते हैं।

‎‎उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा देश की जनता अब कांग्रेस के ऐसे विभाजनकारी एजेंडे को समझ चुकी है और इसका लोकतांत्रिक तरीके से मुंहतोड़ जवाब देगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित