रांची , जून 07 -- झारखंड के स्वास्थ्य डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि आज बेंगलुरु के सकरा वर्ल्ड हॉस्पिटल में एक ऐसा भावुक क्षण आया, जिसे मैं जीवनभर नहीं भूल पाऊंगा।
डॉ अंसारी ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे अपने पुत्र का हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे थे, जो यहां उपचाराधीन हैं। इसी क्रम में उन्होंने मेरी फैमिली से भी मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
मेरे परिवार का ऑपरेशन चल रहा था। इसी दौरान कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, हम सबके अभिभावक श्री खड़गे स्वयं हमारे वार्ड में पहुंचे। उन्हें देखते ही मैं आश्चर्यचकित रह गया। मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एक कार्यकर्ता और उसके परिवार का हालचाल जानने के लिए स्वयं समय निकालकर आएंगे।
खड़गे साहब ने न केवल हमारा हालचाल जाना, बल्कि डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन से भी बात कर बेहतर इलाज एवं समुचित देखभाल सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने बड़े स्नेह और अपनत्व के साथ कहा कि, "इरफान अंसारी हमारा बेटा है, हमारा बच्चा है। इसे किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।"डॉ अंसारी ने कहा कि उनके ये शब्द मेरे लिए किसी आशीर्वाद से कम नहीं थे। जब कोई अभिभावक अपने कार्यकर्ता को इतना सम्मान, इतना स्नेह और इतना अपनापन देता है। यही कांग्रेस की असली पहचान है, यही उसके संस्कार हैं और यही उसकी पारिवारिक संस्कृति है।
आज श्री खड़गे ने एक बार फिर साबित कर दिया कि कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक परिवार है, जहां हर कार्यकर्ता का सम्मान और उसकी भावनाओं का मूल्य है।
डॉ अंसारी ने कहा कि श्री खड़गे के इस स्नेह, आत्मीयता और आशीर्वाद के लिए हृदय की गहराइयों से उनका आभारी हूं। उनका यह अपनापन मेरे जीवन की अमूल्य धरोहर रहेगा और मैं जीवनभर उनका ऋणी रहूंगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित