पटना , सितंबर 03 -- टना जंक्शन क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे मल्टी मोडल हब में गुरुवार को पटना नगर निगम ने जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान आमजनों को परिसर को स्वच्छ रखने के साथ-साथ रेड स्पॉट एवं येलो स्पॉट को खत्म करने के लिए जागरूक किया गया। वहीं, ऑटो एवं बस चालकों को वाहनों का परिचालन कतारबद्ध तरीके से करने के निर्देश दिए गए।मल्टी-मोडल हब में प्रतिदिन औसतन 5000-8000 लोगों का आवागमन होता है। एक ही परिसर में ऑटो, बस एवं अन्य वाहनों के पार्किंग और आवागमन की व्यवस्था होने से पटना जंक्शन क्षेत्र में यातायात प्रबंधन को काफी सुगम बनाने में मदद मिली है। साथ ही, यात्रियों को पटना के विभिन्न क्षेत्रों में जाने के लिए एक ही स्थान पर परिवहन के अलग-अलग साधन उपलब्ध हो जाते हैं।

पटना नगर निगम द्वारा मल्टी-मॉडल हब परिसर की नियमित सफाई कराई जा रही है। हालांकि, कई अवसरों पर लोगों द्वारा परिसर में इधर-उधर थूकने तथा सार्वजनिक स्थानों को गंदा करने की शिकायत सामने आती रही है। इसके अलावा, शौचालयों के नल एवं अन्य सामान की चोरी की घटनाएं भी सामने आई हैं।

इसी को देखते हुए निगम की टीम द्वारा परिसर में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। लोगों को रेड स्पॉट एवं येलो स्पॉट न बनाने तथा सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, गंदी एवं खराब हो चुकी दीवारों पर दोबारा पेंटिंग कर परिसर के स्वरूप को बेहतर बनाया गया।

अभियान के दौरान आमजनों से गीले एवं सूखे कचरे को निर्धारित डस्टबिन में ही डालने की अपील की गई। वहीं, ऑटो एवं बस चालकों को निर्धारित स्थान पर वाहन खड़ा करने और कतारबद्ध होकर परिचालन करने के लिए जागरूक किया गया, जिससे यात्रियों को आवागमन में सुविधा हो और मल्टी मोडल हब में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

पटना नगर निगम द्वारा आमजनों से अपील की गई कि मल्टी मोडल हब सहित सभी सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने में निगम का सहयोग करें। स्वच्छता और बेहतर यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी निगम के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की भी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित