अमृतसर , अगस्त 18 -- शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने श्री मुक्तसर साहिब जिले के मलोट तहसील के गांव लालबाई स्थित गुरुद्वारा साहिब में अमृतधारी सिख किसान नेता हरभगवान सिंह सिद्धूपुर की दस्तार उतारे जाने की घटनाकी कड़ी निंदा की है।
एडवोकेट धामी ने मंगलवार को कहा कि गुरुद्वारा साहिब में डिस्पेंसरी के निर्माण से जुड़े मामले मेंदो पक्षों के बीच समझौता कराने के प्रयास कर रहे किसान नेता के साथ कथित तौर पर की गयी यह कार्रवाई बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि गुरु घर के भीतर किसी व्यक्ति के साथ हुड़दंग करना और विशेष रूप से किसी अमृतधारी गुरसिख की पगड़ी उतारने का प्रयास करना सिख भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली कार्रवाई है। दस्तार सिख की पहचान है और उसका सम्मान करना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है।
एसजीपीसी अध्यक्ष ने कहा कि गुरुद्वारा साहिब हर व्यक्ति के लिए सम्मान, सेवा और भाईचारे का केंद्र है। ऐसे में गुरुद्वारा परिसर में इस तरह की हुड़दंगबाजी को किसी भी कीमत पर उचित नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि दस्तार की बेअदबी करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाये, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति सिख भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने का साहस न कर सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित