कुआलालंपुर , सितंबर 04 -- मलेशिया ने पड़ोसी देश इंडोनेशिया में लगी आग के असर को देखते हुए बोर्नियो द्वीप पर सारावाक के कुछ हिस्सों में आपातकाल घोषित कर दिया है।
जंगल और दलदली ज़मीन में लगी आग से निकले घने धुएं के कारण हवा में प्रदूषण का स्तर 500 से ऊपर चला गया है।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने यह जानकारी दी है।
प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने यह भी बताया कि आपातकाल की घोषणा को देश के राजा सुल्तान इब्राहिम ने मंज़ूरी दे दी है। इस बीच अधिकारी बढ़ते धुएं को रोकने और लोगों की सुरक्षा के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
श्री अनवर ने 'एक्स' पर एक बयान में कहा, "सरकार हालात पर नज़र रखेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि सभी ज़रूरी कदम तुरंत उठाये जायें। इसमें बचाव के उपाय करने के साथ-साथ जनता तक जानकारी और स्वास्थ्य संबंधी सलाह पहुंचाना भी शामिल है।"श्री अनवर के कार्यालय ने एक बयान में कहा कि राजा सुल्तान इब्राहिम ने सारावाक के सेरियन डिवीज़न में आपातकाल घोषित करने की मंज़ूरी दे दी है, क्योंकि धुएं के कारण हवा में प्रदूषण का स्तर इतना बढ़ गया है जो लोगों की सेहत और सुरक्षा के लिए खतरनाक है।
स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार को ज़िला पुलिस मुख्यालय में सेरियन के निगरानी केन्द्र पर वायु प्रदूषक सूचकांक (एपीआई) 518 तक पहुंच गया। यह मलेशिया में खतरनाक माने जाने वाले 300 के स्तर से कहीं ज़्यादा है और उस स्तर से भी ऊपर है जिस पर आपातकाल उपाय करने पर विचार किया जाता है।
श्री अनवर ने कहा कि उन्होंने सारावाक के प्रमुख अबांग जोहारी टुन ओपेंग के साथ बिगड़ते हालात पर चर्चा की है और लोगों को भरोसा दिलाया है कि सुरक्षा के और उपाय किये जायेंगे।
इस घोषणा में मलेशियाई बोर्नियो का सेरियन डिवीज़न शामिल है और इसके तहत सोमवार से कम से कम अगले हफ़्ते के आखिर तक 647 स्कूल बंद रहेंगे।
श्री अनवर ने अम्पांग जया की बुकिट इंदा मस्जिद में शुक्रवार की नमाज़ के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "हम सभी ज़रूरी कदम उठायेंगे, चाहे वह क्लाउड सीडिंग हो या कोई और कार्रवाई, भले ही यह (धुएं की स्थिति) कहीं और हुई घटनाओं का नतीजा हो।"उन्होंने कहा, "हमें इसके नतीजे भुगतने होंगे और कुछ समय तक धैर्य रखना होगा। मैं सेरियन, पूरे सारावाक और अन्य प्रभावित इलाकों के लोगों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करता हूं।"बोर्नियो के मलेशियाई हिस्से में स्थित सेरियन उन इलाकों में से एक है जो इंडोनेशिया के पड़ोसी कालीमंतन इलाके में जंगल और दल-दल में लगी आग से निकले धुएं से सबसे ज़्यादा प्रभावित हुए हैं।
मलेशिया ने गुरुवार को सारावाक में तीन दिन का क्लाउड-सीडिंग ऑपरेशन शुरू किया, ताकि बारिश हो सके, बांधों में पानी का स्तर बढ़ सके और धुएं को साफ करने में मदद मिल सके। क्लाउड सीडिंग में बारिश या बर्फबारी को बढ़ावा देने के लिए उपयुक्त बादलों में कणों का छिड़काव किया जाता है।
इंडोनेशिया भी मौसम में बदलाव लाने वाले ऑपरेशन चला रहा है, क्योंकि वह जंगलों और पीट-लैंड में फैली आग से जूझ रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित