चंडीगढ़ , अगस्त 10 -- मलेशिया के पेनांग राज्य के उपमुख्यमंत्री वाई.बी. जगदीप सिंह देव के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को चंडीगढ़ में पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों से मुलाकात की। बैठक में इंटरनेशनल पंजाबी हेरिटेज एंड कल्चरल फाउंडेशन मलेशिया के अध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. बी.एस. बैंस और अन्य नेता भी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय विकास,आधुनिक तकनीक, उद्योग तथा रोजगार के नये अवसर पैदा करने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।

श्री ढिल्लों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आर्थिक और सामाजिक क्षेत्रों में लगातार नयी ऊंचाइयां हासिल कर रहा है तथा 'विकसित भारत' के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

पंजाबियों की मेहनत और जज्बे की सराहना करते हुए श्री ढिल्लों ने कहा कि अपनी लगन, मेहनत और ईमानदारी के बल पर पंजाबियों ने पूरी दुनिया में सम्मान और पहचान बनायी है। उन्होंने कहा कि जगदीप सिंह देव और उनके परिवार का मलेशिया की राजनीति में वरिष्ठ पदों पर सेवा करना पूरे पंजाबी समुदाय के लिए गर्व और सम्मान की बात है।

बैठक के दौरान श्री जगदीप सिंह देव ने पेनांग स्थित 123 वर्ष से अधिक पुराने ऐतिहासिक वड्डा गुरुद्वारा साहिब के नवीनीकरण के बाद आयोजित किये जा रहे विशेष उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए श्री ढिल्लों को औपचारिक रूप से निमंत्रित किया। दोनों पक्षों ने पंजाबियों और मलेशिया के बीच संबंधों, विकास, तकनीक, उद्योग तथा रोजगार के क्षेत्र में संभावित सहयोग को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित