नयी दिल्ली , अप्रैल 14 -- सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम लिमिटेड (एनएफडीसी) ने 24 अप्रैल को अपनी मलयालम फीचर फिल्म 'अचप्पाज़ एल्बम' को देशभर में रिलीज करने की घोषणा की है।
सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि 'एनएफडीसी अपनी नवीनतम मलयालम फिल्म 'अचप्पाज़ एल्बम' (ग्रैम्पाज़ एल्बम) को रिलीज करने के लिए तैयार है। कल्पना पर आधारित पारिवारिक जीवन, हास्य और भावनाओं के अनूठा संगम के रूप में यह फिल्म समय-यात्रा से जुड़ी कहानी को दर्शाती है और यह अप्रैल को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने वाली है।
दीप्ति पिल्लै सिवन के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी संजीव सिवन, अनिर्बान भट्टाचार्य और उमेश नायर ने लिखी है। यह फिल्म अतीत को पुनः जीने की ओर शाश्वत आकर्षण को दर्शाती है। कहानी एक पिता और पुत्र के इर्द-गिर्द घूमती है जो भाग्य के एक अप्रत्याशित मोड़ के कारण एक-दूसरे का जीवन जीने लगते हैं। यह परिवर्तन पीढ़ीगत दृष्टिकोणों और जीवन विकल्पों की मर्मस्पर्शी और हास्यपूर्ण पड़ताल का आधार बनता है।
इस फिल्म में दिग्गज अभिनेता मोहन अगाशे के साथ-साथ अंजना अप्पुकुट्टन, आदिनाथ कोठारे, प्रियंका नायर और सिद्धांशु संजीव सिवन जैसे कई उल्लेखनीय कलाकार शामिल हैं। तकनीकी टीम में मनोज पिल्लई जैसे सिने छायाकार, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता संपादक श्रीकर प्रसाद और गुलराज सिंह जैसे जाने-माने पेशेवर संगीतकार शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित