प्रयागराज , जून 15 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के सिरसा गंगा घाट पर मलमास के अंतिम दिन सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दूर-दराज के गांवों और नगरों से हजारों श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए सिरसा घाट पहुंचे। उन्होंने पवित्र गंगा में डुबकी लगाकर परिवार की सुख-समृद्धि और देश की खुशहाली की कामना की।गंगा स्नान के बाद श्रद्धालु सिरसा स्थित प्रसिद्ध श्री श्रीनाथ बाबा मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और बाबा को जल अर्पित किया। दिन में ही मंदिर परिसर में भक्तों का तांता लगा रहा, जिन्होंने भगवान के दर्शन कर मनोकामनाएं मांगीं और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया।
मलमास यानी अधिमास के अंतिम दिन के धार्मिक महत्व को देखते हुए घाट और मंदिर परिसर में विशेष चहल-पहल रही। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल मुस्तैद रहा। घाट पर सफाई व्यवस्था के साथ-साथ भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए थे।घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं ने बताया कि मलमास के अंतिम दिन गंगा स्नान और श्रीनाथ बाबा के दर्शन का विशेष पुण्य प्राप्त होता है।
इसी मान्यता के चलते बड़ी संख्या में लोगों ने यहां पहुंचकर पूजा-अर्चना की। पूरे क्षेत्र में धार्मिक वातावरण बना रहा और भक्तों के जयकारों से घाट एवं मंदिर परिसर गूंजता रहा।स्थानीय व्यापारियों के अनुसार, श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण बाजारों में भी अच्छी रौनक देखने को मिली। धार्मिक कार्यक्रमों के बीच सिरसा गंगा घाट आस्था, श्रद्धा और भक्ति का प्रमुख केंद्र बना रहा। मलमास के समापन पर हुए इस धार्मिक आयोजन ने क्षेत्र के लोगों में उत्साह और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित