गोपालगंज , नवंबर 09 -- बिहार में गोपालगंज जिले के नगर थाना क्षेत्र में अरार मोड़ के समीप स्थित एक निजी नर्सिंग होम में मरीज की मौत के बाद सोमवार को परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही बरतने और गलत उपचार के कारण मरीज की जान जाने का आरोप लगाया। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
परिजनों के अनुसार, पिछले सितंबर महीने में पैर में मामूली घाव होने के बाद मरीज को इलाज के लिए उक्त निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। उनका आरोप है कि लंबे समय तक चले इलाज के दौरान अस्पताल प्रबंधन की ओर से लगातार पैसे लिए जाते रहे और करीब चार लाख रुपये खर्च होने के बावजूद मरीज की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ।
परिजनों का कहना है कि अस्पताल की ओर से मरीज को प्रतिदिन घाव की ड्रेसिंग के लिए बुलाया जाता था। सोमवार को भी मरीज को ड्रेसिंग के लिए नर्सिंग होम लाया गया था, जहां संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर हंगामा किया। परिजनों ने चिकित्सक और अस्पताल कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। इस संबंध में अस्पताल संचालकों और चिकित्सकों से उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। बाद में परिजन शव लेकर घर चले गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित