कोटा , अगस्त 19 -- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को कोटा स्थित कैंप कार्यालय से अत्याधुनिक तीन एम्बुलेंस जनसेवा के लिए समर्पित की।

भारतीय अक्षय ऊर्जा विकास संस्था लिमिटेड के सहयोग और सांसद निधि के माध्यम से इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा उपलब्ध करायी गयी ये एम्बुलेंस कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल, जेके लोन अस्पताल और रेलवे अस्पताल में मरीजों की निशुल्क आवाजाही के लिए उपलब्ध रहेंगी।

इस अवसर पर श्री बिरला ने कहा कि कोटा-बून्दी में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करना और मरीजों को बेहतर उपचार के साथ अधिक से अधिक सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। जरूरत के समय मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाना बेहद महत्वपूर्ण होता है। नयी एम्बुलेंस से गंभीर मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी और जरूरतमंद परिवारों को राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में संसाधनों की उपलब्धता बढ़ाने के साथ यह भी जरूरी है कि उनका लाभ आमजन को आसानी से मिले। इसी दिशा में कोटा-बून्दी क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाओं को लगातार बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

इस दौरान कोटा मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा, मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. नीलेश जैन, जेके लोन अस्पताल की अधीक्षक डॉ. निर्मला शर्मा सहित रेलवे और चिकित्सा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित