बैतूल , जुलाई 11 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले का मरामझिरी रेलवे स्टेशन जल्द ही आधुनिक माल परिवहन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। रेलवे की करीब 35 करोड़ रुपये की परियोजना के तहत यहां नया स्टेशन भवन और अत्याधुनिक गुड्स शेड का निर्माण किया जाएगा। परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है और शीघ्र निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।
रेलवे सूत्रों के अनुसार परियोजना में लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से नया स्टेशन भवन तथा करीब 10 करोड़ रुपये से आधुनिक गुड्स शेड बनाया जाएगा। इसका उद्देश्य माल परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करना और बैतूल शहर में भारी वाहनों के दबाव को कम करना है।
सूत्रों ने बताया कि वर्तमान में बैतूल के गंज क्षेत्र स्थित गुड्स शेड के कारण शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। इसे देखते हुए माल ढुलाई गतिविधियों को चरणबद्ध तरीके से मरामझिरी स्थानांतरित किया जा रहा है। नए गुड्स शेड के शुरू होने से माल की लोडिंग और अनलोडिंग अधिक व्यवस्थित ढंग से हो सकेगी।
नई स्टेशन बिल्डिंग में रेल संचालन और प्रशासन से जुड़े प्रमुख कार्यालय एक ही परिसर में स्थापित किए जाएंगे। इनमें रिले रूम, पैनल रूम, बैटरी एवं डेटा लॉगर कक्ष, एक्सल काउंटर कक्ष, मेंटेनेंस रूम, ड्यूटी रूम, वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर, स्टेशन प्रबंधक तथा डिप्टी स्टेशन अधीक्षक के कार्यालय शामिल होंगे। इसके अलावा अलग व्यावसायिक भवन में बुकिंग कार्यालय, प्रतीक्षालय, गुड्स शेड कार्यालय, श्रमिक कक्ष, ठेकेदार कक्ष तथा महिला एवं पुरुषों के लिए पृथक शौचालय और वाशरूम की व्यवस्था रहेगी।
परियोजना के तहत मालगाड़ियों के लिए दो फुल-हाइट प्लेटफॉर्म तथा यात्री ट्रेनों के लिए तीन मीडियम लेवल प्लेटफॉर्म बनाए जाएंगे। वर्तमान में स्टेशन पर यात्रियों के लिए सुविधाएं सीमित हैं, जिन्हें इस परियोजना के तहत उन्नत किया जाएगा।
रेलवे सूत्रों के मुताबिक नई योजना में स्टेशन भवन को पटरियों के मध्य विकसित किया जाएगा। इसके आगे मुख्य और लूप लाइनें तथा पीछे अतिरिक्त रेल लाइनें एवं गुड्स शेड के लिए अलग ट्रैक विकसित किए जाएंगे, जिससे रेल संचालन क्षमता में वृद्धि होगी। हालांकि परियोजना में फिलहाल फुट ओवर ब्रिज का प्रावधान नहीं रखा गया है। रेलवे का कहना है कि भविष्य में आवश्यकता के अनुसार इस संबंध में अलग प्रस्ताव तैयार किया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित