गिरिडीह , फरवरी 20 -- झारखंड के गिरिडीह जिले के मधुबन पीरटांड़ में शुक्रवार को आयोजित मरांग बुरु जुग जाहेर बाहा बोंगा के अवसर पर सुदिव्य कुमार, मंत्री, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, नगर एवं आवास, पर्यटन, कला एवं संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग और विधायक घाटशिला, सोमेश चंद्र सोरेन, राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त, फागु बेसरा उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मंत्री, सुदीव्य कुमार ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मरांग बुरु और जाहेर आयो की आराधना संथाल समाज की प्राचीन परंपरा का अभिन्न अंग है। बाहा बोंगा पर्व प्रकृति, फूलों और नई ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है। इस अवसर पर गांव के जाहेर थान मंा विधि-विधान से पूजा संपन्न की गई तथा पारंपरिक वेशभूषा धारण कर संस्कृति के प्रति सम्मान प्रकट किया।

श्री कुमार ने कहा कि झारखंड की पहचान उसकी समृद्ध आदिवासी संस्कृति और परंपराओं से है। मरांग बुरु जुग जाहेर बाहा बोंगा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, प्रकृति संरक्षण और सामूहिक सद्भाव का संदेश देने वाला पर्व है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आदिवासी समाज की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित एवं संवर्धित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

विधायक घाटशिला, सोमेश चंद्र सोरेन ने कहा कि ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने सभी ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे प्रकृति के संरक्षण और सामाजिक समरसता को बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक नृत्य-गान का भी आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर क्षेत्र के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी चर्चा की गई।

राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त, फागु बेसरा ने मरांग बुरु से क्षेत्र की उन्नति और सुख-शांति की प्रार्थना की तथा एक-दूसरे को बाहा बोंगा की शुभकामनाएं दी। कहा कि मरांग बुरु और जाहेर आयो की पूजा संथाल आदिवासी समाज की आस्था का केंद्र है। बाहा बोंगा पर्व प्रकृति, नवजीवन और फूलों के उत्सव के रूप में मनाया जाता है। यह पर्व मानव और प्रकृति के बीच गहरे संबंध को दर्शाता है। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में चल रही योजनाओं की प्रगति सुनिश्चित की जाए और आम जनता को योजनाओं का लाभ समय पर मिले।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित